पाड़ीमार जोन की लचर विद्युत व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान, घंटों की कटौती पर फूटा लोगों का गुस्सा

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। कोरबा जिले के पाड़ीमार जोन अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। आए दिन होने वाली बिजली कटौती और खराबी सुधारने में लगने वाले लंबे समय से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बिगड़ी हालत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता भी एक बड़ा कारण है।

ताजा मामला बुधवारी बाजार मुख्य मार्ग का है, जहां बुधवार दोपहर करीब 12 बजे विद्युत लाइन में डीओ (ड्रॉप आउट) गिरने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि विभाग द्वारा शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों की व्यवस्था तो बनाई गई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान नहीं देते। लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी तकनीकी खराबियों को दूर करने में भी कई घंटे लग जाते हैं, जिससे आमजन, व्यापारी और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

भीषण गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया और शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हुआ, तो जनता अपने आक्रोश का प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।

क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पाड़ीमार जोन की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share