
कोरबा। शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार बाईपास में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक सीएसईबी के डीएसपीएम प्लांट में कार्यरत था और ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राताखार बाईपास के पास तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद एक बार फिर राताखार बाईपास पर भारी वाहनों की रफ्तार और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर सख्त ट्रैफिक निगरानी और स्पीड कंट्रोल की मांग की है।

