कोरबा में देर रात ठेकेदार की कथित दबंगई, पाम मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाई स्कॉर्पियो; CCTV में कैद हुई घटना

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कोरबा। शहर में देर रात एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पाम मॉल स्थित ओएनसी बार के बाहर आधी रात के बाद शराब के नशे में धुत एक कथित ठेकेदार की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदार के कहने पर उसके चालक ने स्कॉर्पियो वाहन को सीधे मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ा दिया, जिससे प्रवेश द्वार की सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 1:15 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि बिलासपुर निवासी कथित ठेकेदार रमन सिंह अपने साथियों के साथ पाम मॉल स्थित ओएनसी बार में शराब पीने के बाद बाहर निकला। बारिश होने के कारण उसने अपने चालक को स्कॉर्पियो वाहन मॉल के सामने लाने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर मालिक के निर्देश पर वाहन को मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने इसका विरोध किया, लेकिन वाहन नहीं रोका गया और उनके साथ बहस भी की गई। पूरी घटना मॉल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर रात एक बजे के बाद भी बार का संचालन कैसे हो रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्व में भी कई शिकायतों और घटनाओं के बावजूद संबंधित बार देर रात तक संचालित होता रहा है।

मामले में पाम मॉल के सुरक्षा सुपरवाइजर की शिकायत पर सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र में भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है तथा उसका चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share