पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, प्रेस क्लब को 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कोरबा प्रेस क्लब के विकास एवं गतिविधियों के लिए 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से समाज को सही दिशा देने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब ने अपनी सक्रियता और सकारात्मक गतिविधियों के कारण राज्य स्तर पर एक अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नई तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के आगमन से पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे दौर में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। बड़ी संख्या में युवा पत्रकार इस क्षेत्र से जुड़ रहे हैं, जो समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कोरबा प्रेस क्लब द्वारा समय-समय पर आयोजित पत्रकार हितैषी कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार पत्रकारों के हितों और पत्रकारिता के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

शपथ ग्रहण समारोह में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share