कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई! होटल हेरिटेज इन के किचन में कॉकरोचों का डेरा, एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी मिली; लाइसेंस निलंबन की अनुशंसा

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

ट्रांसपोर्ट नगर के होटल में बिरयानी राइस का नमूना जांच के लिए भेजा गया, बालको के साहू जनरल स्टोर से सरसों तेल का सैंपल लिया गया, फूडियो रेस्टोरेंट को 7 दिन बंद रखने का नोटिस

कोरबा। जिले में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान एक होटल के किचन में ऐसी अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिसने खाद्य स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन के निरीक्षण के दौरान किचन में भारी अव्यवस्था पाई गई। जांच टीम को एक्सपायरी खाद्य सामग्री के साथ बड़ी संख्या में कॉकरोचों की मौजूदगी भी मिली। होटल में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों की अनदेखी सामने आने पर विभाग ने सख्ती दिखाई। बिरयानी राइस का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, किचन की व्यवस्था में सुधार होने तक आगामी आदेश तक इसे बंद रखने और फर्म का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई है।

इसी क्रम में बालको के भद्रापारा स्थित साहू जनरल स्टोर से सरसों तेल का नमूना लेकर जांच प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूने की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, 18 नवंबर 2026 को टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया था। अनहाइजीनिक परिस्थितियों में संचालन पाए जाने पर रेस्टोरेंट को सात दिनों तक बंद रखने का नोटिस जारी किया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इन कार्रवाइयों से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लोगों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और किचन की स्वच्छता की जिम्मेदारी कौन सुनिश्चित करेगा?

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर विभाग की निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share