बीआरसी भवन कटघोरा में शिक्षकों के लिए नशा मुक्ति उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कटघोरा (कोरबा)। अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन ‘दिया कोरबा’ के तत्वावधान में बीआरसी भवन कटघोरा में शिक्षकों के लिए नशा मुक्ति उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रेजेंटेशन के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, उससे होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं तथा व्यसनमुक्त भारत के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम दिया कोरबा जिला संयोजक विजेंद्र यादव के तत्वावधान में दिया कोरबा से छत्तीसगढ़ प्रांत प्रचारक कन्हैया चौहान जी ने परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी के दिव्य विचारों एवं संदेशों को शिक्षकों तक पहुंचाते हुए नशामुक्त जीवन और स्वस्थ समाज निर्माण का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में शिक्षक समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इसी क्रम में दिया कोरबा की नारी शक्ति प्रमुख सुश्री सविता साहू जी ने नशा मुक्ति संकल्प पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यालय में नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को बचपन से ही नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपने विद्यालय को नशामुक्त बनाने तथा विद्यार्थियों को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने की अपील की।

गायत्री परिवार से पर ललिता डिक्सेना जी ने नशामुक्त समाज को हमारी वास्तविक सामाजिक संपदा बताते हुए कहा कि स्वस्थ, संस्कारवान एवं व्यसनमुक्त समाज ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है।

वहीं गायत्री परिवार के रमाकांत साहू जी ने अखिल विश्व गायत्री परिवार के सप्त आंदोलन एवं व्यसन मुक्ति अभियान पर विशेष उद्बोधन दिया। उन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों ने नशामुक्ति का सामूहिक संकल्प लिया। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने विद्यालय, विद्यार्थी परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का विश्वास दिलाया।

दिया कोरबा का यह प्रयास निश्चित रूप से स्वस्थ युवा, श्रेष्ठ राष्ट्र और संस्कारवान समाज के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

संदेश:
नशामुक्त परिवार, नशामुक्त विद्यालय और नशामुक्त समाज ही विकसित एवं सशक्त भारत की पहचान है।

*अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा संगठन – दिया कोरबा, छत्तीसगढ़।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share