
कोरबा। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में उस समय हड़कंप मच गया जब दो युवक मोहम्मद रफीक और दीपेश निर्मलकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़कर पुलिस के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग करने लगे। दोनों ने टंकी पर चढ़ने से पहले एक वीडियो भी बनवाया, जिसमें उन्होंने हरदी बाजार पुलिस पर मारपीट और जमानत के नाम पर पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
हालांकि मामले की दूसरी तस्वीर भी सामने आ रही है। स्थानीय सूत्रों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों के अनुसार दोनों युवक घटना के समय शराब के नशे में थे। बताया जा रहा है कि वे जुए से जुड़े पैसों के लेन-देन को लेकर जा रहे थे और स्वयं भी इस बात का उल्लेख कर चुके हैं। पुलिस की संभावित कार्रवाई और पूछताछ के डर से दोनों ने कथित तौर पर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया और पानी की टंकी पर चढ़ गए।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई से बचने और सहानुभूति हासिल करने के उद्देश्य से दोनों युवकों ने यह कदम उठाया हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा युवकों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की वस्तुस्थिति की जांच की जा रही है और लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष पड़ताल की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, टंकी पर चढ़कर किए गए इस प्रदर्शन को लेकर भी प्रशासन आवश्यक कानूनी पहलुओं की जांच कर रहा है।

