🚨 खेल मैदान बना ट्रकों की अवैध पार्किंग, वार्डवासियों में आक्रोश
कोरबा। जिला मुख्यालय से लगे पंप हाउस 15 ब्लॉक स्थित खेल मैदान इन दिनों ट्रकों की अवैध पार्किंग का अड्डा बन गया है। मैदान में भारी वाहनों के खड़े होने से स्थानीय वार्डवासियों और दशहरा समिति में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह मैदान बच्चों के खेलकूद, बुजुर्गों की सैर और विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र है, लेकिन लगातार हो रही अवैध पार्किंग से इसका स्वरूप बिगड़ता जा रहा है।

बारिश के मौसम में मैदान पर ट्रकों की आवाजाही और पार्किंग से टायरों के गहरे निशान पड़ गए हैं, जिससे मैदान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार हर वर्ष मैदान को समतल कराने और दोबारा तैयार करने में समिति को भारी आर्थिक खर्च उठाना पड़ता है।

वार्डवासियों ने बताया कि इसी मैदान में गणेश उत्सव, रावण दहन, क्रिकेट टूर्नामेंट सहित कई सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। यदि इसी तरह भारी वाहनों की पार्किंग जारी रही तो भविष्य में इन आयोजनों पर भी संकट खड़ा हो सकता है।
दशहरा समिति और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि खेल मैदान को तत्काल अवैध पार्किंग से मुक्त कराया जाए तथा मैदान में वाहन खड़े करने वाले ट्रक चालकों और मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि खेल मैदान सार्वजनिक संपत्ति है और इसकी सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


