कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने शहर में अतिक्रमण हटाने और होर्डिंग्स से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। निगम आयुक्त द्वारा जारी कार्यालयीन आदेश के अनुसार आगामी आदेश तक होर्डिंग्स एवं अतिक्रमण शाखा के कार्यों के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

आदेश के अनुसार अधीक्षण अभियंता भूषण राम उरांव को नोडल अधिकारी, सहायक अभियंता सोमनाथ डेहरे को सहायक अभियंता, राजस्व उप निरीक्षक प्रिंस सिंह को सहायक नोडल अधिकारी तथा कृष्ण कुमार राठौर को सहायक ग्रेड-03 का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। संबंधित अधिकारी अपने मूल कार्यों के साथ-साथ होर्डिंग्स एवं अतिक्रमण शाखा के कार्यों का भी संचालन करेंगे।
इसके साथ ही निगम के सभी सात जोनों के लिए अलग-अलग जोनल नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। इनमें कोरबा, परिवहन नगर, कोसाबाड़ी, पं. रविशंकर शुक्ल नगर, बालको, दर्री और सर्वमंगला जोन शामिल हैं।
निगम आयुक्त ने आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों पर जोन स्तर पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके।
यह आदेश 24 जुलाई 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने से अतिक्रमण नियंत्रण, अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई और जन शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी।


