

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस की सुबह कोरबा में हथियारबंद लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी। तड़के करीब 4 बजे IOC गेट के सामने गैस सिलेंडर से लदे ट्रक को स्कॉर्पियो सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने रोक लिया। चालक की कनपटी पर बंदूक तानकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और बदमाश ट्रक से 7 भरे हुए गैस सिलेंडर लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक ट्रक IOC से गैस सिलेंडर लेकर बिरदा की ओर जाने वाला था। चालक जयपाल दास के अनुसार, जब वह सुबह करीब 4 से 4:10 बजे ट्रक के पास पहुंचा तो कुछ लोग वाहन से सिलेंडर निकाल रहे थे। पास में एक स्कॉर्पियो खड़ी थी, जिस पर आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
इसी दौरान एक बदमाश ने चालक के सिर पर छोटी बंदूक तान दी और धमकाते हुए कहा कि “अगर जिंदा रहना है तो निकल जा, वरना एक मिनट नहीं लगेगा मार दूंगा।” चालक के मुताबिक बदमाशों ने दो बार फायर जैसी आवाज भी की। आरोपियों के पास बंदूक के अलावा तलवारनुमा हथियार भी था।
डर के कारण चालक वहां से हटकर अपने साथियों को सूचना देने पहुंचा। जब वह वापस लौटा तो ट्रक से 7 भरे गैस सिलेंडर गायब थे। बदमाश सिलेंडरों को स्कॉर्पियो में लादकर फरार हो चुके थे।
चालक ने बताया कि सभी आरोपी नकाबपोश थे, जिसके चलते उनकी पहचान नहीं हो सकी। प्लांट के गेट पर सुरक्षा गार्ड मौजूद रहते हैं, लेकिन बाहर की ओर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्कॉर्पियो और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के दिन हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।

