

कोरबा। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने अवैध सागौन कटाई एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रात्रि गश्ती के दौरान एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन को सागौन लकड़ियों सहित जब्त किया है। वाहन से सागौन के 26 नग लट्ठे बरामद हुए हैं, जिनकी मात्रा लगभग 2,000 घन मीटर और अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा वनमंडल के वन परिक्षेत्र कोरबा अंतर्गत भुलसीडीह के पास जंगल से सागौन की लकड़ी अवैध रूप से काटकर परिवहन किए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने झगरहा से भुलसीडीह बैरियर के मध्य वन मार्ग पर रात्रि गश्ती अभियान चलाया।

इसी दौरान जंगल की ओर से आ रहे बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG-13 AY 1202 को वन विभाग की टीम ने रोककर जांच की। वाहन में सागौन के 26 नग लट्ठे पाए गए। लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन एवं लकड़ी को तत्काल जब्त कर लिया गया।

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के आदेश तथा उपवनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया एवं उपवनमंडलाधिकारी दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी कोरबा डेंगजय शर्मा ने किया। टीम में परिक्षेत्र सहायक यशमल आदिल, परिसर रक्षक गुरुवेंद्र कुंवर, अर्जुन सिंह कंवर, बलराम राठिया सहित अन्य वन कर्मचारी शामिल रहे।
वन विभाग द्वारा पकड़े गए वाहन एवं सागौन लकड़ी के संबंध में वन अपराध प्रकरण (पी.ओ.आर.) क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर वन अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में स्थानीय मुखबिरों के साथ संयुक्त वन प्रबंधन समिति इमलीडीह एवं भुलसीडीह के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की सक्रियता एवं रात्रि गश्ती अभियान की सराहना की।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाकर वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

