40 घंटे बाद बांगो बांध से मिला लापता रंजीत यादव का शव, रेस्क्यू टीम को मिली सफलता

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा के मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में लापता युवक रंजीत यादव का करीब 40 घंटे बाद शव बरामद कर लिया गया है। दो दिन से चल रहे सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार रेस्क्यू टीम को सफलता मिली और बांध के पानी से युवक का शव बाहर निकाला गया।


दरअसल, पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गोपालपुर निवासी 24 वर्षीय रंजीत यादव 15 अगस्त की शाम अपने 4 दोस्तों के साथ बांगो डैम घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच बांध में छलांग लगाने की शर्त लगने की बात सामने आई थी। रंजीत ने बांध में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद उसका पानी में तैरते हुए वीडियो भी सामने आया था, लेकिन इसके बाद वह अचानक लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम, गोताखोर और स्थानीय प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बांध में पानी का तेज बहाव और लगातार बढ़ता जलस्तर रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना रहा। युवक की तलाश के लिए आधुनिक बोट का भी इस्तेमाल किया गया और लगातार करीब 40 घंटे तक सर्चिंग अभियान चलाया गया।

इधर, भारी बारिश के चलते बांगो बांध के 9 गेट खोले गए हैं और बांध से 40 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। हसदेव नदी भी उफान पर है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन और मुश्किल हो गया था।
आखिरकार आज रेस्क्यू टीम ने रंजीत यादव का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक ने आखिर किन परिस्थितियों में बांध में छलांग लगाई और दोस्तों के बीच क्या हुआ था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
दो दिन की तलाश के बाद शव तो मिल गया, लेकिन रंजीत की मौत ने एक बार फिर बांध और जलाशयों में खतरनाक तरीके से स्टंट या शर्त लगाने के गंभीर खतरे को सामने ला दिया है।

 

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share