

कोरबा। बुधवारी बायपास रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन-चार महिलाएं और एक बच्चा समेत कई लोग घायल हो गए। एक लड़की के पैर में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
https://www.facebook.com/share/v/1LxUmZHMzs/

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त ई-रिक्शा एक नाबालिग चालक चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार और ई-रिक्शा दोनों ही तेज रफ्तार में थे। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। वहीं सीएसईबी चौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

🚨 हादसे के बाद मौके पर पहुंची लाठियां-डंडे लेकर भीड़
घटना के बाद मामला उस समय और तनावपूर्ण हो गया, जब ई-रिक्शा चालक के 15-20 साथी कथित तौर पर लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। युवक गुस्से में यह पूछते नजर आए कि आखिर टक्कर किसने मारी।

मौके पर मौजूद थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने स्थिति को संभालते हुए युवकों को जमकर फटकार लगाई और उनके हाथों से डंडे ले लिए। पुलिस की तत्परता से मौके पर स्थिति बिगड़ने से बच गई।

❓ कार में पुलिस का मोनो, चालक को लेकर भी सवाल
हादसे के बाद एक और सवाल चर्चा में है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार पर पुलिस का मोनो लगा हुआ था और कार चालक को पुलिसकर्मी बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि कार चालक कौन था और हादसे के समय उसकी स्थिति क्या थी।

शराब के नशे में वाहन चलाने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच या मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। हादसे के कारणों, वाहनों की रफ्तार और दोनों चालकों की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच की जा रही है।

