

कोरबा। नगरीय निकाय के अधिकारी और कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कोरबा में धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने वेतन संशोधन, पदोन्नति, नियमितीकरण और पुरानी पेंशन योजना (OPS) सहित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया। संगठन ने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए आगामी 9 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

धरना प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि नगरीय निकायों में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण लंबे समय से लंबित है। संगठन की ओर से जारी मांग पत्र में तीन स्तरीय वेतन संशोधन लागू करने, दैनिक वेतनभोगी, अस्थायी और संविदा कर्मचारियों को नियमित कर स्थायी सेवा का लाभ देने तथा पदोन्नति की रिक्तियों को जल्द भरने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

कर्मचारियों ने वर्ष में कम से कम दो बार पदोन्नति देने, पदोन्नति के लिए न्यूनतम सेवा अवधि और अनुभव संबंधी नियमों में सरलीकरण करने तथा नगरीय निकायों के रिक्त पदों पर 50 प्रतिशत भर्ती और 50 प्रतिशत पदोन्नति के माध्यम से नियुक्तियां करने की मांग रखी।

इसके अलावा मूल्य स्तर के अनुरूप भत्ता, अवशेष कर्मियों के भुगतान, प्लेसमेंट और आउटसोर्सिंग पर प्रतिबंध तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयकों का समय पर भुगतान करने की मांग भी शामिल है। कर्मचारियों ने सेवा शर्तों, अवकाश और भत्तों को अन्य विभागों के समकक्ष करने की बात कही।
महिला कर्मचारियों की सुविधाओं और सुरक्षा पर भी जोर
मांग पत्र में महिला कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने, सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र, यूनिफॉर्म और सुरक्षा उपकरण देने की मांग भी उठाई गई। संविदा कर्मचारियों का मानदेय पुनरीक्षित कर नियमित कर्मचारियों के समकक्ष करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि और सम्मान देने की मांग की गई।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) को पुनः लागू करने और डिजिटल कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।
संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगों के निराकरण के लिए आंदोलन जारी रहेगा। इसी कड़ी में 9 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के जरिए प्रदेश स्तर पर अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
