मधु स्वीट्स और न्यू दिल्ली स्वीट्स से मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए लिए गए, चार प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
कोरबा। त्योहारी सीजन और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोरबा में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और कार्रवाई का सिलसिला जारी है।कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व प्रशासन तथा नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों और डेयरी का निरीक्षण किया।

इस दौरान निहारिका स्थित मधु स्वीट्स से खोवा का सैंपल तथा टीपी नगर स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स से काजू कतली का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया।

निरीक्षण के दौरान निहारिका स्थित रवि डेयरी और लल्ला कैफे में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर क्रमशः 3,000 और 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसी क्रम में टीपी नगर स्थित नेचुरल स्वीट्स पर 3,000 रुपये तथा सुगर क्राउन पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

संयुक्त टीम ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
कुल 4 प्रतिष्ठानों पर 13,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि दो प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

