एलन और आकाश इंस्टीट्यूट की पहल, पुलिस एवं जेलकर्मियों के बच्चों को आईआईटी-जेईई, नीट की तैयारी में मिलेगी बड़ी राहत,प्रभारी डीजीपी हिमांशु गुप्ता की पहल पर बनी सहमति, रायपुर, भिलाई और बिलासपुर में लागू होगी सुविधा

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

खाकी के परिवारों के सपनों को मिलेगी उड़ान, कोचिंग फीस में 50% तक छूट

कोरबा। वर्दी पहनकर दिन-रात प्रदेश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस एवं जेलकर्मियों के परिवारों के लिए अच्छी खबर है। अब उनके बच्चों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपनों की राह में कोचिंग फीस बड़ी बाधा नहीं बनेगी। छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख कोचिंग संस्थानों एलन और आकाश ने पुलिस एवं जेलकर्मियों की संतानों को कोचिंग फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट देने पर सहमति जताई है। इस पहल से महंगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

19 नवंबर को प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में एलन एकेडमी और आकाश इंस्टीट्यूट के संचालकों के साथ हुई बैठक में यह महत्वपूर्ण सहमति बनी। इसके तहत रायपुर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में पुलिस और जेलकर्मियों के बच्चों को संपूर्ण कोचिंग फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। वहीं एलन एकेडमी की रायपुर, भिलाई और बिलासपुर शाखाओं में पूरी कोचिंग फीस पर 30 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी।

यह सुविधा आईआईटी-जेईई, नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लागू होगी। खास बात यह है कि इसका लाभ केवल पुलिसकर्मियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जेल विभाग के कर्मचारियों के बच्चों को भी मिलेगा।

पुलिस और जेल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की नौकरी चुनौतीपूर्ण होती है। कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और बंदियों की निगरानी जैसी जिम्मेदारियों के बीच उन्हें अक्सर लंबे समय तक ड्यूटी निभानी पड़ती है। ऐसे में बच्चों की उच्च शिक्षा और महंगी कोचिंग का खर्च परिवारों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बनता है। कोचिंग संस्थानों की यह पहल उन परिवारों को राहत देने के साथ बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम है।

बैठक में डीसीपी तारकेश्वर पटेल, आकाश इंस्टीट्यूट के सतीश कुमार धृतलहरे तथा एलन एकेडमी के देबाजीत चटर्जी और महेंद्र चंद्रा उपस्थित रहे।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share