24 नवंबर को हसदेव घाट पर सजेगा कोरबा का पहला पुन्नी मेला,भव्य आरती और दीपदान के साथ दिखेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक

Thevoicesnews
Thevoicesnews
4 Min Read

कोरबा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-आस्था, परंपरा और सांस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोरबा में पहली बार भव्य पुन्नी मेला का आयोजन किया जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर 24 नवंबर 2026, मंगलवार को हसदेव घाट, पुरानी बस्ती, दुरपा रोड़, इंदिरा नगर कोरबा में यह आयोजन होगा। शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस मेले में धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

पुन्नी मेला आयोजन समिति कोरबा की ओर से आयोजित इस पुन्नी मेला को लेकर जोर शोर से तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों का उद्देश्य कार्तिक पूर्णिमा के महत्व को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ ही छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं, त्योहारों को एक मंच प्रदान करना है। मेले के माध्यम से लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

भव्य आरती और दीपदान रहेगा मुख्य आकर्षण

पुन्नी मेले में हसदेव घाट पर भव्य आरती एवं दीपदान का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा। श्रद्धालु दीप प्रज्वलित कर धार्मिक परंपरा में सहभागी बनेंगे। घाट पर दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण के बीच कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मनाया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी होंगी।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति और व्यंजनों का मिलेगा स्वाद

मेले में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और लोकनृत्य के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत किया जाएगा। वहीं, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पकवानों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोगों को स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

आतिशबाजी से रोशन होगा आसमान

आयोजन में भव्य आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पारंपरिक खानपान के माध्यम से पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल तैयार किया जाएगा। इस आयोजन में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, परिवार और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे।

जनप्रतिनिधियों ने किया आमंत्रित

पुन्नी मेला आयोजन समिति की ओर से नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद तामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल एवं एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला ने शहरवासियों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

आयोजकों ने छत्तीसगढ़ी अंदाज में लोगों को आमंत्रित करते हुए कहा है कि जम्मो महतारी, सियान, मितान अउ संगवारी मन ला झारा-झारा नेवता… अर्थात शहर के सभी लोगों को इस पुन्नी मेले में सपरिवार शामिल होने का स्नेहिल निमंत्रण है।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह पहला पुन्नी मेला कोरबा की धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब शहरवासियों को 24 नवंबर की शाम का इंतजार है, जब हसदेव घाट पर आस्था के दीप जगमगाएंगे और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा बिखरेगी।

कार्यक्रम की जानकारी

* आयोजन: पुन्नी मेला 2026

* दिनांक: 24 नवंबर 2026, मंगलवार

* समय: शाम 5:00 बजे से

* स्थान: हसदेव घाट, पुरानी बस्ती, दर्रीपारा रोड, इंदिरा नगर, कोरबा

* आयोजक: पुन्नी मेला आयोजन समिति कोरबा

 

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share