
कोरबा। उरगा-गुमिया के पास भारत माला मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में आईसीआईसीआई बैंक के एक कर्मचारी की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रज्वल राठौर (26) के रूप में हुई है, जो कोरबा की पुरानी बस्ती, दुरपा रोड के निवासी थे। वे आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत थे और मूल रूप से सक्ती के पासिद (सुआ डेरा) के रहने वाले थे।

बताया जा रहा है कि प्रज्वल किसी परिचित को देखने रायपुर स्थित अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान भारत माला मार्ग पर अचानक एक मवेशी सामने आ गया, जिससे उनकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के समय कार के एयरबैग भी खुल गए थे, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भारत माला मार्ग पर मवेशियों का सड़क पर घूमना आम बात है, जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व में भी इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
“अस्पताल से सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
