
खबर सामने आते ही हरकत में आया नगर निगम, गुणवत्ता पर उठे सवालों के बाद ठेकेदार को दोबारा नाली बनाने के निर्देश; जनता के पैसों से हो रहे निर्माण में लापरवाही पर निगम ने दिखाई सख्ती
कोरबा। स्व. बिसाहू दास महंत मेडिकल कॉलेज परिसर में नाली निर्माण की गुणवत्ता को लेकर THE VOICES द्वारा प्रमुखता से उठाए गए सवालों का बड़ा असर देखने को मिला है। खबर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में आते ही निर्माण कार्य में हुई कथित तकनीकी लापरवाही पर कार्रवाई की गई। बिना वाइब्रेटर के बनाई गई पूरी नाली को रातों-रात तुड़वा दिया गया। अब ठेकेदार द्वारा नाली का निर्माण नए सिरे से और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप मजबूती के साथ कराया जाएगा।

दरअसल, THE VOICES ने मेडिकल कॉलेज परिसर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण में गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। खबर में बताया गया था कि कंक्रीट की ढलाई के दौरान वाइब्रेटर का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। मौके पर मौजूद ठेकेदार के मिस्त्री ने वाइब्रेटर पिछले दो-तीन दिनों से खराब होने की बात स्वीकार की थी। इसके अलावा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सरिया की गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों को लेकर भी सवाल खड़े किए गए थे।

खबर के बाद हरकत में आया निगम, रातों-रात तुड़वाई नाली
मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर निगम के जिम्मेदारों ने संज्ञान लिया और बिना वाइब्रेटर बनाई गई नाली को हटाने की कार्रवाई की। पूरी नाली को तुड़वा दिया गया, ताकि दोबारा निर्माण में गुणवत्ता से समझौता न हो। अब इसे नए सिरे से मजबूती के साथ बनाने की तैयारी है।

अब तकनीकी मानकों के साथ होगा निर्माण
इस कार्रवाई के बाद उम्मीद की जा रही है कि दोबारा नाली निर्माण के दौरान कंक्रीट की ढलाई में वाइब्रेटर का इस्तेमाल किया जाएगा और सरिया सहित अन्य निर्माण सामग्री का उपयोग स्वीकृत तकनीकी मापदंडों के अनुसार होगा। साथ ही निर्माण कार्य की निगरानी भी जिम्मेदार तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी में होनी चाहिए।

THE VOICES ने उठाई आवाज, निगम को लेना पड़ा संज्ञान !
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता होने पर मीडिया की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। जनता के पैसे से होने वाले निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आने पर सवाल उठाना और जिम्मेदारों को जवाबदेह बनाना ही पत्रकारिता का उद्देश्य है।
THE VOICES की खबर के बाद पूरी नाली का तोड़ा जाना निश्चित रूप से एक बड़ा असर है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि दोबारा बनने वाली नाली वास्तव में कितनी मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनती है।
