छठ पूजा के बाजार में दुकानदारों की परेशानी देख भड़कीं महापौर संजू देवी राजपूत, निगम के वाहनों के सामने सड़क पर बैठीं; हस्तक्षेप के बाद हटे वाहन
कोरबा। बुधवारी बाजार में शनिवार को उस वक्त सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब छोटे व्यापारियों के समर्थन में खुद महापौर संजू देवी राजपूत मैदान में उतर आईं। दुकानदारों की परेशानी सुनकर मौके पर पहुंचीं महापौर ने जब नगर निगम कर्मचारियों को सड़क किनारे खड़े वाहन हटाने के निर्देश दिए और उनकी बात पर अमल नहीं हुआ, तो उन्होंने ऐसा कदम उठाया जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। महापौर सीधे सड़क पर बैठ गईं और धरना शुरू कर दिया।

महापौर के इस तेवर से निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया। आखिरकार अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा और सड़क किनारे खड़े निगम के वाहनों को हटवाना पड़ा। इसके बाद ही महापौर ने अपना धरना समाप्त किया।
दरअसल, छठ पूजा के अवसर पर बुधवारी बाजार में छोटे दुकानदार अपनी दुकानें और पसरी लगाकर कारोबार करने पहुंचे थे। लेकिन उनकी दुकानों के आसपास नगर निगम के वाहन खड़े होने से व्यापार करना मुश्किल हो रहा था। परेशान दुकानदारों ने महापौर संजू देवी राजपूत से इसकी शिकायत की। व्यापारियों की परेशानी देखते हुए महापौर तत्काल मौके पर पहुंचीं।

बताया जाता है कि कुछ दिनों पहले नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर बुधवारी बाजार और आसपास सड़क किनारे व्यवसाय करने वालों को हटाने निगम की टीम पहुंची थी। इस दौरान स्थानीय विक्रेताओं और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके विरोध में निगम कर्मचारियों ने बुधवारी मोड़ पर अपने वाहन खड़े कर दिए थे।
शनिवार को यही वाहन छोटे व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन गए। दुकानदारों का कहना था कि त्योहार के समय दुकान लगाने आए हैं, लेकिन निगम के वाहनों की वजह से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है।
‘हर किसी को व्यवसाय करने का अधिकार, त्योहार में गरीब दुकानदारों को क्यों परेशान किया जा रहा?’
महापौर संजू देवी राजपूत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को व्यवसाय करने का अधिकार है। त्योहार के समय छोटे व्यापारियों को इस तरह परेशान करना उचित नहीं है। नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मण श्रीवास ने कहा कि नगर निगम को सभी व्यापारियों के साथ एकरूपता से कार्रवाई करनी चाहिए। प्रत्येक व्यापारी को व्यवसाय के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। किसी एक वर्ग या व्यक्ति को निशाना बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है।
फिलहाल, महापौर के सड़क पर बैठकर विरोध जताने के बाद निगम प्रशासन को झुकना पड़ा और मौके से वाहन हटाए गए। छठ पूजा के बाजार में छोटे व्यापारियों के समर्थन में महापौर का सड़क पर उतरना पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया।

