VIDEO में सरेआम मारपीट, पुलिसकर्मी से भिड़ंत… फिर भी बदमाश को राहत ! मानिकपुर पुलिस की ऐसी कैसी कार्रवाई कि गिरफ्तारी का कारण लिखना ही भूल गई पुलिस ?

Thevoicesnews
Thevoicesnews
6 Min Read

कोरबा। अपराधियों पर नकेल कसने का दावा करने वाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर मानिकपुर में बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। शारदा विहार में नाई दुकान संचालक के साथ सरेआम मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी रूपम राजपूत से झड़प और पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बावजूद आरोपी पंकज शर्मा को राहत मिल गई। वजह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे ! पुलिस प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तो करती है, लेकिन गिरफ्तारी का कारण दर्ज करना ही भूल जाती है। नतीजा यह हुआ कि सिटी मजिस्ट्रेट ने आरोपी को बरी कर दिया।

अब सवाल यह है कि जब घटना का वीडियो मौजूद था, पुलिसकर्मी खुद मौके पर मौजूद था और मारपीट का मामला सामने था, तब कार्रवाई के दस्तावेज तैयार करने में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई ? क्या पुलिस को इतनी भी जानकारी नहीं थी कि प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में जरूरी प्रक्रिया का पालन कैसे किया जाता है ? या फिर मामला कहीं और ही उलझा हुआ है ?

चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर की जवाबदेही कौन तय करेगा ?

इस पूरे घटनाक्रम में मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। चौकी क्षेत्र में सरेआम मारपीट होती है, पुलिसकर्मी से झड़प होती है, वीडियो सामने आता है और फिर आरोपी को राहत मिल जाती है। आखिर कार्रवाई की निगरानी किसकी जिम्मेदारी थी ? गिरफ्तारी का कारण दर्ज करने जैसी बुनियादी प्रक्रिया में चूक हुई तो संबंधित दस्तावेजों की जांच किसने की ?

यह महज कागजी गलती नहीं, बल्कि ऐसी चूक है जिसका सीधा फायदा आरोपी को मिला। अब सवाल है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर भी कोई कार्रवाई होगी या पूरी जिम्मेदारी एक खाली कॉलम पर डालकर मामला खत्म कर दिया जाएगा ?

पुलिसकर्मी के कथित लेनदेन की चर्चा ने बढ़ाया संदेह

मामले में सूत्रों के हवाले से एक पुलिसकर्मी के कथित लेनदेन की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक प्रमाण सामने नहीं आया है। लेकिन कार्रवाई में हुई चूक और आरोपी को मिली राहत के बीच उठ रहे इन सवालों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। यदि किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ लेनदेन की शिकायत या साक्ष्य हैं, तो वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए।

लिस्टेड गुंडा, जिला बदर की फाइल और पुलिस की कार्रवाई में चूक !

बताया जा रहा है कि पंकज शर्मा मानिकपुर क्षेत्र का सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश है। उसके खिलाफ जिला बदर की प्रक्रिया भी चलने की जानकारी सामने आई है। उसे नोटिस जारी किए जाने की बात भी कही जा रही है। ऐसे में जिस व्यक्ति के खिलाफ जिला बदर की फाइल चलने की चर्चा है, उसी के मामले में पुलिस की कार्रवाई की चूक से राहत मिलना कई सवाल खड़े करता है।

इतना ही नहीं, आरोप है कि रिहाई के बाद देर रात पंकज शर्मा फिर मोहल्ले में पहुंचा और चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने लगा। यदि यह आरोप सही हैं, तो सवाल और गंभीर हो जाता है कि पुलिस की कार्रवाई से राहत मिलने के बाद इलाके के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा ?

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे सवाल

  1. वीडियो में मारपीट दिखाई देने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई इतनी कमजोर क्यों रही ?
  2. गिरफ्तारी का कारण दर्ज करने वाला कॉलम खाली कैसे रह गया ?
  3. इस चूक के लिए चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर और संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होगी या नहीं ?
  4. पुलिसकर्मी के कथित लेनदेन की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी या नहीं ?
  5. सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की वर्तमान स्थिति क्या है ?
  6. रिहाई के बाद चाकू लेकर मोहल्ले में दहशत फैलाने के आरोपों पर क्या कार्रवाई हुई ?

सबसे बड़ा सवाल : पुलिसकर्मी से भिड़ने और सरेआम मारपीट करने के आरोपों के बावजूद आरोपी को राहत मिल गई, लेकिन पुलिस की इस चूक पर कार्रवाई कब होगी ?

मानिकपुर की जनता को जवाब चाहिए। अपराध पर कार्रवाई का दावा करने वाली पुलिस पहले अपनी कार्रवाई में हुई चूक की जिम्मेदारी तय करे। आखिर कानून का डर अपराधियों को होना चाहिए या पुलिस को अपनी ही कागजी कार्रवाई से सबक लेना चाहिए ?

अब निगाहें पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों पर हैं। क्या इस पूरे मामले की विभागीय जांच होगी, चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय होगी और कथित लेनदेन की सच्चाई सामने आएगी ? या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा ?

 

आरोपी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी जिस पर उसे जमानत मिल गई है। दुबारा हंगामे की सूचना पर पेट्रोलिंग टीम गई थी लेकिन मौके पर ऐसी स्थिति नहीं मिली !

– परमेश्वर राठौर, प्रभारी, पुलिस सहायता केंद्र, मानिकपुर

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share