कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पं. नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में उनके जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद स्नेह करते थे। इसी कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे वकील बने और महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की आजादी के लिए उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा।
महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू जी का योगदान अविस्मरणीय है। वे अपने विचारों को सरलता और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने की अद्भुत क्षमता रखते थे। भारतीय संस्कृति और विश्व इतिहास की गहरी समझ उनके व्यक्तित्व की विशेषता थी।
ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गजानंद साहू ने नेहरू जी को शांतिप्रिय, मेहनती और आदर्श व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण ही 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस मनाया जाता है।
अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि पंडित नेहरू केवल एक कुशल राजनीतिज्ञ ही नहीं, बल्कि महान चिंतक, लेखक और बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व थे। उनके विचारों और योगदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू ने नेहरू जी के व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें राजनीतिज्ञ, अर्थशास्त्री, चिंतक और साहित्यकार के रूप में बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताया।
इस अवसर पर पार्षद रवि चंदेल, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, पूर्व पार्षद डॉ. रामगोपाल यादव, पार्षद बद्री किरण, जिला महामंत्री मनहरण राठौर (इंटक), जिला पदाधिकारी सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह एवं जिला कांग्रेस कार्यालय महामंत्री सुरेश कुमार अग्रवाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
